महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना चीफ एकनाथ शिंदे ने ठाकरे भाईयों पर बड़ा तंज कसा है। कोल्हापुर से बोलते हुए उन्होंने कहा कि असली शिवसेना कौन है? यह जनता बता चुकी है। शिंदे ने कहा कि कुछ लोग मुंबई को सोने का अंडा देने वाली मुर्गी समझते हैं। उनका इशारा उद्धव ठाकरे की तरफ था।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे को निशाने पर लिया है। शिंदे ने दोनों भाईयों के साथ आने पर एक बड़ा तंज कसते हुए हमला बोला है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुछ लोग मुंबई को सोने की मुर्गी मानते हैं। शिंदे का मतलब बीएमसी से था। उन्होंने पहले सोने के अंडे खाए अब दोनों मुर्गी को काटने के लिए साथ आए हैं। गौरतलब हो कि बीएमसी मे पिछले काफी समय से शिवसेना का कब्जा रहा है। 2017 के चुनावों के बाद शिवसेना के मेयर ने कुर्सी संभाली थी लेकिन 2022 में कार्यकाल पूरा होने के बाद से बीएमसी प्रशासक के हवाले हैं। शिंदे ने दोनों भाईयों के चुनाव गठबंधन करने पर यह हमला बाेला है।
15 जनवरी को डाले जाएंगे वोट
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने बीएमसी चुनावों के साथ ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, नवी मुंबई महानगरपालिकाओं के चुनाव भी साथ मिलकर लड़ेंगे। दोनों की अगुवाई वाली शिवसेना यूबीटी-मनसे ने गठबंधन का ऐलान होने के बाद प्रचार भी शुरू कर दिया है। मीरा भाईंदर में भी दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। मुंबई समेत राज्य के कुल 29 महानगर पालिकाओं के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनके लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और अगले दिन यानी 16 जनवरी काे नतीजों का ऐलान हो जाएगा।
उनका कुर्सी, हमारा डेवलपमेंट एजेंडा
ठाकरे ब्रदर्स के राजनीतिक तौर पर साथ आने को लेकर एकनाथ शिंदे ने करारा हमला बोला है। शिंदे ने शुक्रवार को कोल्हापुर से हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारा एजेंडा डेवलपमेंट का है, जबकि उनका एजेंडा कुर्सी का है। शिंदे ने कहा कि यह अलायंस (शिवसेना यूबीटी और मनसे) मराठी लोगों के लिए नहीं बल्कि अपना वजूद बनाए रखने के लिए है। शिंदे ने ताना मारा और कहा कि जनता बता चुकी है कि असली शिवसेना कौन है? उन्होंने लोकसभा चुनाव, विधानसभा और नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों का हवाला दिया है। शिंदे ने कहा कि मुंबईकरों को गड्ढे में कौन डालेगा? हम छह महीने में मुंबई को गड्ढा-मुक्त बना देंगे। रमाबाई अंबेडकर नगर में 17 हजार घरों का प्रोजेक्ट शुरू हो गया है। 17 URP तैयार हो गए हैं। हम फेज में लाखों लोगों को घर देंगे।

